राजस्थान यूनिवर्सिटी में शुक्रवार सुबह हंगामेदार रही। विवि में पेपर लीक प्रकरण के बाद प्रशासन की ओर से बी.कॉम थर्ड ईयर के पांच पेपर निरस्त कर दिए गए थे, इसे लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने पहले विवि गेट पर नारेबाजी की फिर वीसी सचिवालय के बाहर पहुंच गए। प्रदर्शन उग्र होने लगा तो पुलिस ने मामला संभालने की कोशिश की। छात्र पुलिस से उलझ पड़े। ऐसे में छात्रों को पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा।
छात्रों ने विवि के मुख्यद्वार पर प्रदर्शन शुरू किया। प्रदर्शन में नारेबाजी करते छात्रों ने पुलिससे धक्का मुक्की की। पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए लाठी चार्ज किया। छात्र पुलिस के आमने सामने हो गए। छात्रों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।इस दौरान जेएलएन मार्ग पर हर तरफ पत्थर ही पत्थर नजर आने लगे।
सिर फूटा, एसएचओ घायल
एसएचओ हुए घायल
- फोटो : अमर उजाला
पथराव में मोतीडूंगरी एसएचओ के सिर पर चोट लगी। पुलिस ने इसके बाद छात्रों को खदेड़ा। इस बीच जेएलएन मार्ग पर कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने करीब आधा दर्जन छात्रों को हिरासत में ले लिया। गौरतलब है कि राजस्थान यूनिवर्सिटी के पेपर लीक मामले में कॉमर्स के पांच पेपर निरस्त कर दिए गए हैं। बी.कॉम थर्ड ईयर के इन पांच पेपरों को विवि प्रशासन ने दोबारा करवाने का फैसला लिया। विवि प्रशासन के इस निर्णय के साथ ही इस कदम का विरोध भी शुरू हो गया है। इन पांच पेपरों की परीक्षा 29 मई से दोबारा शुरू होगी। राजस्थान विवि के मुख्य द्वार पर छात्र नेताओं ने विरोध किया। छात्रों का कहना है कि देरी से होने वाली परीक्षा का परिणाम भी देरी से आएगा, इससे उनके आगे के कोर्सेज में प्रवेश लेने में परेशानी पैदा होगी। छात्रों का कहना था कि इसी दौरान सीएस की परीक्षाएं भी हैं जिनसे तिथि क्रॉस होंगी।
सड़कों पर फैले पत्थर
प्रदर्शन के बाद जेएलएन मार्ग के हाल
- फोटो : अमर उजाला
गौरतलब है कि विवि की ओर से घोषित की गई नई तिथियों में 29 मई को अकाउंट्स एण्ड बिजनेस स्टेटिक्स के प्रथम पेपर एवं द्वितीय पेपर की परीक्षा 31 मई को होगी। इसी तरह से 2 जून को इकॉनोमिक्स इडमिनेस्ट्रेशन एण्ड फाइनेशियल मैनेजमेंट के प्रथम पेपर एवं 4 जून को द्वितीय पेपर की परीक्षा होगी। बिजनेस एडमिनेस्ट्रेशन के द्वितीय पेपर की परीक्षा 5 जून को होगी।