महारानी कॉलेज में छात्रा के सुसाइड का मामला है कि शांत होने का नाम ही नहीं ले रहा। छात्र संगठन राजस्थान विवि प्रशासन से मामले की जल्द से जल्द जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शुक्रवार को राजस्थान यूनिवर्सिटी में कुलपति सचिवालय के बाहर छात्र जुटे और मामले में जल्द कार्रवाई के लिए प्रदर्शन किया। छात्रों ने कुलपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
गौरतलब है कि महारानी कॉलेज की छात्रा कोमल प्रजापत ने आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में छात्रा के परिजनों की ओर से कॉलेज प्रशासन व हॉस्टल वार्डन पर आरोप लगाया गया था। उन्होंने आरोप लगाए थे कि छात्रा ने हॉस्टल में दूसरी छात्राओं के शराब पीने और उसे परेशान करने समेत कई शिकायतें की थी, पर किसी तरह का कदम नहीं उठाया गया। इसके बाद छात्रा ने खुदकुशी जैसा कदम उठाया।
मामले में छात्राएं हॉस्टल वार्डन के बचाव में उतर आई थी। कॉलेज प्रशासन ने भी अपना पक्ष रखकर इस तरह के विवादों से इंकार कर दिया था। छात्रों ने भी राजस्थान विवि के बाहर प्रदर्शन किया था। छात्रों ने मामले की जांच तेज करने व जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।