लालच बुरी बला है लेकिन सरकारी अधिकारी इस वाक्य को शायद भुला बैठे है। गुरुवार देर रात्रि को भरतपुर में एक अधिकारी लालच के चलते ही सीबीआई के हत्थे चढ़ गया। सीबीआई ने एक ठेकेदार की शिकायत पर कार्रवाई करते भरतपुर के बीएसएनएल के जीएम राजेश बंसल को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। ठेकेदार सुखवीर सिंह के अनुसार उसने डिजिटल इंडिया के अंतर्गत ओएफसी लाइन डाली थी। जिसके 60 लाख रुपए के बिल वह विभाग में दे चुका है।
इन्हीं बिलों को पास कराने के ऐवज में जीएम ने 1.20 लाख की रिश्वत मांगी थी। इसके बाद सौदा एक लाख रुपए में तय हुआ। जिसके बाद उसने इसकी शिकायत सीबीआई एसपी जयपुर को की। जिसके बाद गुरुवार रात्रि करीब 11 बजे सीबीआई के एएसपी के भटटाचार्य ने बीएसएनल के निरीक्षण भवन में जीएम राजेश बंसल को रंगे हाथ पकड़ लिया। अब सीबीआई उनके घर व अन्य स्थानों पर भी जांच करने की तैयारी कर रही। जीएम बंसल के साथ उनके एक सहयोगी को भी पकड़ा गया है। बंसल से सुबह तक सीबीआई की टीम पूछताछ करती रही। इसके बाद सीबीआई की टीम शुक्रवार सुबह बंसल को बीएसएनएल कार्यालय लेकर पहुंची। जहां टीम ने कई दस्तावेज खंगाले। इसके बाद राजेश बंसल को टीम जयपुर लेकर रवाना हो गई।