जानलेव ब्लू व्हेल गेम का खौफ अभी थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज एक बार फिर मासूम छात्र अपने ही कमरे में फंदे से लटका मिला।
ताजा घटना राजस्थान के टोंक जिले की है। यहां हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सेक्टर एक में रहने वाला छात्र सौरभ शर्मा अपने कमरे में फंदे पर लटका मिला। वह कक्षा 10 का छात्र था। आज सुबह जब बहन उसके कमरे में गई तो घटना का पता चला। उसने तुरंत अपने परिजनों और पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सौरभ के शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद छात्र सौरभ का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
आसपास के इलाके में चर्चा है कि सौरभ कई दिनों से ब्लू व्हेल गेम खेल रहा था और इसकी लास्ट स्टेज में पहुंच चुका था। ऐसे में पुलिस ने सौरभ का स्मार्ट फोन और अन्य वस्तुएं बरामद कर ली है। साथ ही, कमरे को भी ताला लगा दिया गया है। अब पुलिस सभी पहलूओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
उधर, मृतक छात्र के पिता का कहना है कि बीती रात वे किसी काम से बाहर गए हुए थे। उनके एक बेटा और एक बेटी है और परिवार में किसी प्रकार को कोई मतभेद भी नहीं था। अब यह सवाल है कि आखिर मासूम सौरभ ने फंदा क्यों लगाया। अभी इसका कोई स्पष्ट कारण पुलिस के सामने भी नहीं आया है। पुलिस को मौका स्थल से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ।