भरतपुर रेलवे स्टेशन पर उतरते हुए मोहन भागवत
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर स्टेशन पहुंचने पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का काले झण्डों से स्वागत हुआ। स्टेशन के बाहर कुछ लोगों ने आरएसएस की विचार धारा का विरोध करते हुए नारे लगाए और उन्हें काले झण्डे दिखाए।
आरएसएस प्रमुख दिल्ली से डीलक्स ट्रेन से रात करीब आठ बजे भरतपुर पहुंचे। यहां स्टेशन के बाहर एमएसजे कॉलेज के प्रो.अरविन्द वर्मा के नेतृत्व काले झण्डे दिखाए। उन्होंने बताया कि आरएसएस अपनी विचारधारा देश पर थोपने का काम कर रही है। जिसका विरोध किया गया। इन्हीं के नेतृत्व में गत दिनों भाजपा के शहर विधायक विजय बंसल का अम्बेडकर पर टिप्पणी को लेकर भी विरोध किया गया था। मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) भरतलाल मीना ने झंडे व बैनर को छीन लिया। इसके बाद पुलिस ने विरोधियों को हटाया।
गौरतलब है कि मोहन भागवत भरतपुर में आरएसएस के अभ्यास वर्ग में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। ये अभ्यास वर्ग तीन दिन तक चलेगा। इस दौरान वे भाजपा के किसी भी नेता से नहीं मिलेंगे।