भाजपा राजस्थान के एक प्रमुख दिग्गज नेता और विधायक की पार्टी से छुट्टी करने की तैयारी कर रही है। फिलहाल इस नेता को पार्टी ने अनुशासनहीनता का नोटिस थमा कर 10 दिन में जवाब—तलब किया है।
ये दिग्गज नेता सांगानेर विधायक घनश्याम तिवाड़ी है। राजस्थान में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी की शिकायत पर भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति के अध्यक्ष गणेशीलाल ने शनिवार को तिवाड़ी को नोटिस दिया है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि तिवाड़ी को इस नोटिस के बहाने फिलहाल चेतावनी दी गई है और इसका जवाब आने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसमें उन्हें पार्टी से निष्कासित किए जाने जैसा कदम भी उठा सकती है। दरअसल तिवाड़ी ने दीनदयाल वाहिनी के नाम से नया संगठन खड़ा किया है और भाजपा नेताओं का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में वे इस संगठन के जरिए राजस्थान में अपने उम्मीदवार खड़ा कर सकते है जो पार्टी के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसके साथ ही वे राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर भी विधानसभा में और विधानसभा के बाहर बयानबाजी कर निशाना साधते रहे है।
भाजपा के संविधान की धारा 25 (च) के अन्तर्गत ये अनुशासहीनता का नोटिस दिया गया है जिसमें उन पर दो वर्षों से लगातार पार्टी के विरुद्ध गतिविधियों में हिस्सा ले कर पार्टी के खिलाफ बयानबाजी करने, पार्टी की बैठकों में अनुपस्थित रहने, विपक्षी दलों के साथ मंच सांझा करने और समानांतर राजनीतिक दल खड़ा करने समेत कई आरोप लगाए गए है।