राजस्थान में बीजेपी के वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने अपने बगावती तेवर कम नहीं किए हैं। ताजा मामले के तहत मंगलवार को उन्होंने अपनी पार्टी के विधायकों सहित अन्य पार्टी के विधायकों को खुला पत्र लिख कर अप्रत्यक्ष तौर पर सीएम वसुंधरा राजे के खिलाफ मोर्चा खोलने की अपील की है।
तिवाड़ी ने मंगलवार को सभी विधायकों के नाम ये खुला पत्र जारी किया। इस पत्र में सीएम वसुंधरा राजे का नाम लिए बिना उन्होंने विधायकों से कहा कि उनका पहला काम जनता की सेवा करना है। किसी व्यक्ति विशेष की खिदमत करना उनका काम नहीं है। उन्होंने विधानसभा से निलंबित विधायक हनुमान बेनीवाल और मनोज न्यांगली की बहाली के लिए पार्टी पर दबाव बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इन्हे निलंबित किया जाना लोकतंत्र और संसदीय परम्पराओं के खिलाफ है।
तिवाड़ी इससे पहले भी कई बार सीएम राजे पर निशाना साध चुके हैं। यहां तक कि उन्होंने कहा कि सीएम राजे वर्तमान में जिस बंगले में रह रही है वे उसे हथियाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों को दी जाने वाले आवास समेत अन्य सुविधाओं का भी कड़ा विरोध किया है।
तिवाड़ी के इस व्यवहार को देखते हुए भाजपा की केंद्रीय अनुशासन समिति भी उन्हें नोटिस जारी कर चुकी है। तिवाड़ी ने इस पत्र के उत्तर में भी अपने तेवर दिखाते हुए उल्टे सवाल खड़े किए हैं।