सीकर में जनसभा को संबोधित करते भाजपा के बागी नेता घनश्याम तिवाड़ी
- फोटो : amar ujala
भाजपा में बगावत कर रहे वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी ने अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा है।
सीकर जिले के लोहार्गल में आज तिवाड़ी ने दोहराया कि वे पार्टी के नही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ हैं। लोकसंग्रह अभियान के तहत करीब एक हजार कार्यकर्ता उनके साथ लोहार्गल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने माहेश्वरी धर्मशाला में आयोजित सभा में कहा कि वर्तमान समय में पंड़ित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलने की जरूरत है।
बाद में मीडिया से बातचीत करते हुए तिवाड़ी ने कहा कि पीएम ने भ्रष्टाचार हटाने का नारा दिया है, उसी थीम पर काम करते हुए वर्तमान सरकार के खिलाफ हूं। क्योंकि राजस्थान में व्याप्त भ्रष्टाचार का असली स्रोत सरकार है। सरकार की मुखिया सीएम हैं, इस वजह से वे सीएम का विरोध कर रहे हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे में मौजूद ना रहने के सवाल पर तिवाड़ी ने कहा कि वे दूसरों की मीटिंग में नहीं जाते, बल्कि खुद मीटिंग करते हैं।