अलवर मामले की जांच करेगी सीबीआई
अलवर में एक नाबालिग मूक बधिर लड़की के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई थी। दुष्कर्म के बाद 16 साल की इस बच्ची की हालत इतनी खराब थी कि डॉक्टर्स की टीम ने आठ घंटे तक ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई थी। राजस्थान सरकार ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में रविवार को उच्च स्तरीय बैठक में यह फैसला लिया गया। इसकी सिफारिश जल्द केंद्र सरकार ने की जाएगी। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा था कि यदि पीड़िता का परिवार चाहेगा, तो मामले की जांच सीआईडी या सीबीआई या किसी भी स्वतंत्र एजेंसी से करवाने को तैयार हैं।
वहीं, प्रियंका गांधी वाड्रा ने शनिवार को बच्ची के पिता से बात की थी। मानसिक रूप से अस्वस्थ यह 16 साल की बच्ची अलवर के पुल पर अस्त-व्यस्त हालत में पाई गई थी और उसके निजी अंगों पर चोट के निशान थे, जिसके कारण उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बाद में दावा किया कि दुष्कर्म नहीं हुआ है।