भंवरी हत्याकांड आज फिर चर्चा में है। सेक्स, सीडी और ब्लैकमेल वाले इस कांड के बारें में सभी लोगों में उत्सुकता है। लेकिन भंवरी देवी का परिवार आज किस हालत में है इसके बारें में कम ही लोगों को जानकारी है। भंवरी देवी की मौत के बाद इस परिवार बिखर गया है।
जहां एक ओर भंवरी देवी का पति अमरचंद पत्नी की हत्या की साजिश में जेल में है। वहीं दूसरी और भंवरी देवी का बेटा 23 वर्षीय साहिल आज भी अपनी मां के मृत्यू प्रमाण पत्र के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। मां की मौत और पिता का जेल में होना, उसे साल रहा है। परिवार इस बात के पूरे प्रयास में है कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले। लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति सही नहीं। परिवार का आरोप है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भंवरी की मौत के बाद आर्थिक सहायता की घोषणा की थी लेकिन वह भी अभी तक उन्हें नहीं मिल सकी है।
भंवरी के परिवार की दो बेटियां अश्वनी तथा सुहानी मां-बाप को याद करते-करते रोने लग जाती हैं। एक बेटी बी-कॉम फाइनर में है, तो दूसरी अभी छठी में ही है। भंवरी के परिवार में उनकी सास पुनीदेवी भी है। बहू की मौत के बाद पूनीदेवी को जो गम सबसे अधिक सताता है वह है अपने एकलौते बेटे भंवरी के पति अमरचंद का जेल में होना।
हालांकि भंवरी देवी सरकारी कर्मचारी थी लेकिन उसके परिवार को अभी तक फैमली पेंशन या अन्य कोई लाभ अभी तक नहीं मिल सका है।