रक्षाबंधन के त्यौहार के चलते बीते कई दिनों से रेलवे स्टेशनों पर काफी भीड़भाड़ है। इसी का फायदा असामााजिक तत्व भी उठा रहें है। शनिवार देर रात्रि को भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा स्टेशन पर एक बड़ा ट्रेन हादसा टल गया।
दरअसल यहां से रात्रि करीब 2.30 बजे निकली उदयपुर-खुजराहो एक्सप्रेक्स तेज धमाके के साथ अचानक रुक गई। इससे ट्रेन में गहरी नींद में सो रहे यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार गुलाबपुरा स्टेशन की पटरियों पर असामाजिक तत्वों ने लोहे, लकड़ी व सीमेंट की बैंचों को डाल दिया।
इसी दौरान यहां से करीब 110 किमी की रफ्तार से निकली खुजराहो एक्सप्रेक्स इनसे टकराई और धमाके की आवाज आई। ट्रेन कुछ मीटर आगे जाकर रुक गई। इसके बाद ट्रेन के चालक ने इसकी सूचना बिजयनगर स्टेशन पर दी।
इसके बाद मौके पर आरपीएफ व रेलवे के कर्मचारी पहुंचे। उन्होंने ट्रेक से मलबा हटाया। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया गया। घटना की सूचना के बाद रविवार सुबह रेलवे के कई अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं रेलवे एक्ट की धारा 150 के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।