बाबा वीरेंद्र देव का एक और आश्रम राजस्थान में मिला है। इस आश्रम में 72 लड़कियां रह रही हैं।
यह आश्रम राजस्थान के सिरोही जिले में स्थित आबूरोड में मिला है। पुलिस यहां पहुंची तो उसे अंदर नहीं घुसने दिया गया। पूछताछ में यह आश्रम महिलाओं के साथ बलात्कार के आरोपी देव दीक्षित का होना बताया गया है। इस आश्रम के बाहर नाम और रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा बोर्ड नहीं लगा हुआ है। चार मंजिला इस आश्रम की किलेबंदी की हुई है।
इस आश्रम के बारे में जानकारी सामने आने पर एसएचओ मीठूलाल मेघवाल वहां पहुंचे तो संचालकों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। यहां तक कि कोई दस्तावेज भी उन्होंने नहीं दिखाएं। काफी जद्दोजहद के बाद एक महिला कांस्टेबल को अंदर जाने की इजाजत संचालकों ने दी। कांस्टेबल ने अपनी प्रारंभिक जांच में बताया कि अंदर 72 लड़कियां है। लड़कियों ने पुलिस से कहा कि वो यहां पर अपनी मर्जी से रह रही है और उन्हें यहां पर किसी तरह की कोई तकलीफ नहीं है। पुलिस ने संचालकों को दस्तावेज पेश करने के लिए दो दिन का समय दिया है।