शहर को स्वच्छ बनाने के लिए आम नागरिकों को आगे लाने और एक पहचान देने की अनूठी पहल की गई है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में ऐसा ही एक प्रयास किया गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 का ब्रांड एम्बेसेडर एक आम आदमी को बनाया गया है। ऐसे ही एक ब्रांड एम्बेसेडर हैं जयपुर के दीपक सिंह। दीपक ऑटो चलाते हैं, पर उनका ऑटो कुछ खास है। उन्होंने जयपुर शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए अपने ऑटो में डस्टबिन लगा रखा है।
जयपुर शहर की हरियाली को बढ़ाने के लिए उन्होंने ऑटो में पौधे के गमले भी रखे हैं। RJ-14 PD 7216 नंबर का इनका ऑटो क्लीन जयपुर-ग्रीन जयपुर का संदेश दे रहा है। दीपक सिंह का यह अभिनव प्रयास "स्वच्छ जयपुर" को सफलता की ऊंचाइयों पर ले जा रहा है।