राजस्थान में हर महीने एक विधायक किसी भी दिन जाकर इंदिरा रसोई में खाना खाएंगे। सीएम गहलोत की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। सीएम गहलोत ने आज इंदिरा रसोई योजना की रिव्यू मीटिंग ली। मीटिंग में ये तय किया है कि हर महीने एक विधायक किसी भी दिन जाकर रसोई में खाना खाएंगे।
बता दें कि सीएम गहलोत का मानना है कि इससे भोजन की गुणवत्ता भी बनी रहेगी और निरीक्षण भी हो जाएगा। यह महत्वपूर्ण निर्णय इसलिए लिया गया है, ताकि आमजन को यह भरोसा हो कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन मिलता रहेगा।
8 रुपये में मिलती है थाली...
राजस्थान में जरूरतमंद लोगों को आठ रुपये में शुद्ध, ताजा और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से यह महत्पवूर्ण इंदिरा रसोई योजना चलाई जा रही है। इसमें रोजाना बड़ी संख्या में लोग भोजन करते हैं। गहलोत सरकार ने रसोईयों की संख्या भी बढ़ाई है। इस पर सालाना 250 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इस योजना के तहत रसोई के मेन्यू में 100 ग्राम दाल, 100 ग्राम सब्जियां, 250 ग्राम चपाती और अचार दिया जाता है।
प्रदेश में इंदिरा रसोइयों की संख्या 870...
सीएम गहलोत ने 18 सितंबर 2022 को 512 नई इंदिरा रसोइयों का शुभारंभ किया था। सीएम गहलोत और स्पीकर सीपी जोशी ने इंदिरा रसोई का खाना भी खाया था। अब प्रदेश में इंदिरा रसोइयों की संख्या 870 हो गई है, जिनमें 8 रुपये में शुद्ध, ताजा और पौष्टिक भोजन मिलेगा। इंदिरा रसोई की प्रत्येक थाली में राज्य सरकार 17 रुपये अनुदान देती है, जिससे प्रतिदिन लाखों लोग लाभान्वित होते हैं। सीएम गहलोत ने जोधपुर के पुराना नगर निगम कार्यालय सोजती गेट पर इन इंदिरा रसोइयों का उद्घाटन किया। योजन के तहत सरकार 8 रुपये में एक समय का भोजन देती है।
यह है भोजन का समय...
दोपहर का खाना सामान्यतः सुबह 8.30 बजे से 1 बजे तक और रात का खाना शाम 5 बजे से 8 बजे तक मिलता है। भोजन करने के लिए किसी भी प्रकार के दस्तावेज की कोई आवश्यकता नहीं है। कोई भी व्यक्ति आठ रुपये में भोजन की थाली प्राप्त कर सकता है।