भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 21 से 23 जुलाई तक राजस्थान के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान शाह संगठन और सरकार की नब्ज टटोलेंगे।
राजस्थान समेत कई राज्यों में दिसंबर 2018 में विधानसभा चुनाव होंगे। शाह इन चुनावों को लेकर भाजपा की संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लेंगे। वे कार्यकर्ताओं से भी सरकार और संगठन को लेकर जनता के फीडबैक की जानकारी जुटाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान शाह जयपुर, जोधपुर, भरतपुर का दौरा कर वहां बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं से मिलकर मंत्रियों और विभिन्न योजनाओं को लेकर सरकार की ओर से किए जा रहे सफलता के दावों की हकीकत भी जानेंगे। वे सांसद और विधायकों से भी मिलकर भी फीडबैक जुटाएंगे।
भाजपा ने शाह के दौरे की तैयारियां शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी जल्द ही सांसदों तथा विधायकों की संभागवार बैठकें लेंगे।