स्वच्छ शहरों की सूची में राजस्थान के शहरों की हकीकत सामने आने से ठीक पहले स्वच्छ राजस्थान के ब्रांड एम्बेसडर के.के.गुप्ता के इस्तीफे को लेकर सवाल उठने लगे है।
विज्ञापन
राजस्थान सरकार ने डूंगरपुर परिषद में स्वच्छ को लेकर हुए उल्लेखनीय कामों को देखते हुए डूंगरपुर नगर परिषद के चेयरमैन के.के.गुप्ता को प्रदेश में चलाए गए स्वच्छ राजस्थान का ब्रांड एम्बेसडर बनाया था। गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ये इस्तीफा केंद्र सरकार की ओर से स्वच्छता सर्वेक्षण जारी होने के ठीक पहले दिया है।
इस सूची में राजस्थान के एक भी शहर का नाम टॉप 100 शहरों में नहीं है। बल्कि जो उनकी रैकिंग नीचे और चली गई। डूंगरपुर का भी नाम इस सूची में शामिल नहीं है। ऐसे में चर्चा है कि इस सूची का आभास गुप्ता को हो चुका था। जिसे देखते हुए उन्होंने ये इस्तीफा दे दिया।
विज्ञापन
हालांकि गुप्ता का कहना है कि उन्होंने ये पद निजी कारणों से छोड़ा है। एम्बेसडर बनने के बाद से ही उन्हें अधिकांशत: जिले और शहर से बाहर रहना पड़ता था। इसके चलते नगर परिषद के कामकाज प्रभावित हो रहे थे। इसी को देखते हुए उन्होंने स्वच्छ राजस्थान के एम्बेसडर पद से इस्तीफा दिया है। उनका ये भी कहना है कि वे हमेशा की तरह ही राजस्थान को स्वच्छ बनाने के लिए प्रयासरत रहेंगे और साफ—सफाई पूरी तरह से हो सके इसके लिए नवाचार करते रहेंगे
राज्य सरकार ने शुक्रवार आदेश जारी कर 77 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए है। इस सूची में जयपुर, जोधपुर और अजमेर नगर निगमों के आयुक्तों को भी बदला गया है।
आदेश के अनुसार जयपुर नगर निगम के आयुक्त हेमंत गेरा, अजमेर नगर निगम आयुक्त प्रियवृत्त पण्ड्या और जोधपुर नगर निगम के एन शिव प्रसाद मदान को भी हटाया गया है। ये तीनों शहर ही स्वच्छा रैकिंग में जबरदस्त पिछड़े है जबकि सरकार की ओर से इन शहरों को लेकर बड़े—बड़े दावे किए गए थें।
गौरतलब है कि केन्द्र सरकार की ओर से कराए गए स्वच्छ सर्वेक्षण के नतीजों में राजस्थान का कोई भी शहर टॉप—100 शहरों में जगह नहीं बना सका। 434 शहरों की सूची के अनुसार राजस्थान का बूंदी 171, सीकर-180, पाली-186, जोधपुर-209, भीलवाड़ा-212, जयपुर-215, अजमेर-226, गंगापुर सिटी-255, ब्यावर-285, झुंझुनूं-292, सुजानगढ़-300, चित्तौड़गढ़-301, उदयपुर-310, बीकानेर-319, टोंक-329, हनुमानगढ़-332, कोटा-341, बारां-354, सवाई माधोपुर-358, श्रीगंगानगर-359, अलवर-364, हिंडौन-367, भरतपुर-371, नागौर-384, धौलपुर-387, झालावाड़-402, भिवाड़ी-403, चूरू-405 और किशनगढ़-419वें स्थान पर है।