भारतीय जनता पार्टी ने अपना एक और सांसद खो दिया है जिनका कल देर रात दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया। अलवर सांसद महंत चांदनाथ का देर रात दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। सांसद चांदनाथ के निधन की खबर मिलते ही राजस्थान के अलवर जिले सहित हरियाणा के रोहतक स्थित नाथ सम्प्रदाय के आश्रम में शोक की लहर दौड़ गई।
आपको बता दें कि बाबा मस्तनाथ मठ स्थल बोहर के महंत चांदनाथ ने अस्वस्थ होने के चलते ही 29 जुलाई 2017 को रोहतक में अपने उत्तराधिकारी की घोषणा की थी। उन्होंने बालकनाथ को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। इस मौके पर बाबा रामदेव और योगी आदित्यनाथ सहित कई राज्यों के महंत मौजूद थे।
श्री श्रेयो नाथ योगी के पुत्र महंत चांदनाथ का जन्म 21 जून 1956 को बेगमपुर, दिल्ली में हुआ था। बाबा ने दिल्ली के हिंदू कॉलेज से बीए ऑनर्स में शिक्षा हासिल करने के बाद डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की। बाबा धार्मिक मिशनरी, शिक्षण, सामाजिक कार्यकर्ता और कृषक थे।