सीबीएसई ने रविवार को बारहवीं के नतीजे घोषित कर दिए। लगातार दसवें साल बेटियां टॉप पर रही। अजमेर रीजन का कुल परिणाम 84.20 प्रतिशत रहा। राजस्थान बोर्ड के परिणाम की तरह ही सीबीएसई में भी छात्राओं ने बाजी मारी। छात्राओं का परिणाम जहां 88.60 प्रतिशत रहा। वहीं छात्रों का परिणाम 81.10 प्रतिशत रहा। अजमेर रीजन के तहत राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और दादर नागर हवेली के स्कूल का परिणाम दोपहर बाद घोषित हुआ। कला, वाणिज्य और विज्ञान वर्ग में 1 लाख 24 हजार 464 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 1 लाख 23 हजार 885 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
इससे पहले राजस्थान बोर्ड के परीक्षा परिणामों में भी छात्राएं आगे रही। बारहवीं कला के परिणाम में छात्राओं की सफलता का प्रतिशत 91 फीसदी से ज्यादा रहा, वहीं छात्रों का सफलता प्रतिशत उनसे पांच फीसदी तक काम रहा है। परीक्षा में बैठने वाली 91.35 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुई है, वहीं दूसरी तरफ परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों में 87.03 प्रतिशत छात्र पास हुए हैं। वाणिज्य विषय में छात्रों का परिणाम 88.56 रहा है तो वहीं छात्राओं का परिणाम 95.27 फीसदी रहा है।
वहीं विज्ञान में छात्राओं का परिणाम 93.30 प्रतिशत और छात्रों का परिणाम 89.21 प्रतिशत रहा। इस विषय में छात्राओं ने छात्रों से चार फीसदी से भी ज्यादा सफलता हासिल की है।