राजसमंद में हुए लाइव मर्डर प्रकरण के बाद हत्या के मुख्य आरोपी शंभूलाल रैगर के समर्थन में हिंदूवादी संगठनों ने शुक्रवार को मौन रैली निकालकर प्रदर्शन किया। उदयपुर में शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के चलते माहौल शांतिपूर्ण रहा वहीं प्रशासन ने शहर में धारा 144 लगाए रखने और इंटरनेट बंद करने की अवधि को अगले 24 घंटों के लिए और बढ़ा दिया है।
इधर पुलिस ने गुरूवार को रैली के दौरान हुड़दंग फैलाने के आरोप में 207 लोगों को गिरफ्तार किया था जिसको लेकर शुक्रवार को उन्हें छुड़वाने की मांग करने के लिए समुदाय विशेष के कई संगठनों ने मौन जुलूस निकाला। बाद में पुलिस ने करीब 153 लोगों को छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता मौन रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे जहां संगठन के पदाधिकारियों और कलेक्टर एवं एसपी के बीच वार्ता हुई। वार्ता में गिरफ्तार 207 लोगों में से 132 युवकों जिनपर शांतिभंग करने का आरोप है को छोड़ने और बाकि 75 युवकों को न्यायालय के सामने पेश करने की बात पर सहमति बनी।