डिलीवरी के लिए आॅपरेशन थिएटर में टेबल पर लेटी प्रसूता दर्द से करहाती रही और वहां मौजूद दो चिकित्सक आपस में लड़ते रहे। चिकित्सकों की आपसी लड़ाई और वहां मौजूद नर्सिंग स्टॉफ का झगड़ते चिकित्सकों के बीच बचाव का परिणाम गंभीर साबित हुआ।
सभी का ध्यान प्रसूता से हट गया जिसके कारण नवजात की मौत हो गई। घटना जोधपुर के उम्मेद हॉस्पिटल की है। जो राजस्थान के प्रमुख सरकारी अस्पतालों में से एक है।
आॅपरेशन थिएटर में झगड़ते चिकित्सकों का वीडियो वहां मौजूद एक नर्सिंगकर्मी ने ही बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।