अजमेर रोड पर मुकुंदपुरा में पिछले दिनों उल्कापिंड का टुकड़ा गिरने की खबर ने खगोलविदों के साथ स्थानीय लोगों में हलचल मचा दी थी। वहीं, रविवार सुबह जयपुर के समीप शिवदासपुरा थाना इलाके के एक गांव में मिली मशीन स्थानीय लोगों के बीच कौतूहल का विषय बन गई। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शिवदासपुरा इलाके में गोनेर के पास खिजुरिया ब्राह्मणान पंचायत में ग्राम बिशनसिंहपुरा में आकाश से कोई वस्तु गिरने की सूचना रविवार सुबह पुलिस को मिली थी। पुलिस को यहां एक मशीन और गुब्बारा मिला। जिसे देखने के लिए आसपास रहने वाले लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद मशीन को जब्त कर लिया है। यह मशीन मौसम विभाग का कोई उपकरण होने का अनुमान है। पुलिस ने मौसम विभाग और अन्य जांच एजेंसियों को सूचना दे दी है। सोमवार को इस मशीन पर लिखे सीरीयल कोड के आधार पर मौसम विभाग और पुलिस जांच करेंगी कि यह मशीन कहां से आई होगी। स्थानीय निवासी जगदीश के मुताबिक सुबह करीब 10-11 बजे एक खेत में एक गुब्बारे व इस मशीन को गिरते देखा था।