राजस्थान के विवादित बिल का मामला पूरे देश में छाया हुआ है। इस बीच कांग्रेस के मुख्य सचेतक द्वारा एडिशनल डीसीपी को क्वार्टर से बाहर निकालने का मामला सामने आया है।
जयपुर में सोमवार को विवादित बिल के विरोध में प्रदर्शन करने जाते हुए कांग्रेस नेताओं से एडिशनल डीसीपी योगेश गोयल बात करने पहुंचे, तो उन्हें लेने के देने पड़ गए। दरअसल विरोध प्रदर्शन के लिए कांग्रेसी नेता विधायक गिर्राज सिंह के घर एकत्रित हुए थे।
इसी दौरान वहां पहुंचे एडिशनल डीसीपी योगेश गोयल की कांग्रेस के सचेतक गोविंद सिंह डोटासरा से कहासुनी हो गई। विधायक डोटासरा ने गोयल पर चीखते हुए उन्हें सरकार व भाजपा का एजेंट बता दिया। यहीं नहीं विधायक डोटासरा ने गोयल को वहां से जाने के लिए चिल्लाते हुए कहा कि गेटआउट।