कहा जाता है कि सोने की चमक के आगे सब कुछ फीका ही लगता है, लेकिन क्या जिंदगी के लिए भी ऐसा ही है। आज ये घटना जानकर जिंदगी भी सोने के आगे सस्ती हो गई।
घटना राजस्थान के जैसलमेर स्थित गफूर भट्टा बस्ती इलाके की है। यहां बीती रात वार्ड नंबर 31 में अकेली रह रही 70 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। प्रथमदृष्टया ये घटना लूट की वारदात लग रही है क्योंकि महिला के गले और कानों के आभूषण गायब हैं।
पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग लूणी देवी पत्नी प्रतापचन्द खटीक, जिसकी उम्र 70 साल है वह अकेली ही घर मे रहती थी। आसपास के लोगों ने आज सुबह 6 बजे उसे चलते—फिरते देखा था, लेकिन 9 बजे उसका नाती उसके लिए खाना लेकर आया तो वह कमरे में मृत पड़ी थी।
महिला के मृत पाए जाने के बाद इस बात की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जैसलमेर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। बाद में डिप्टी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। पुलिस को प्रथमदृष्टया ये मामला लूट का ही लग रहा है। आशंका जताई जा रही है कि लुटेरों ने महिला द्वारा विरोध करने पर उसे मार डाला।
एक ही दिन में दो वारदात
मौके पर जांच करती पुलिस
- फोटो : amar ujala
जैसलमेर शहर में एक ही दिन में दो घटनाक्रम से लोगों में दहशत का माहौल है। यहां बीते दिन की सुबह भी गडीसर तालाब में युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी।
इस मामले में युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या होने की आशंका जताई गई है। एक के बाद एक हुई इन घटनाओं के बाद आमजन में रोष व्याप्त है। लोगों का आरोप है कि अपराधियों में भय का दावा करने वाली पुलिस से अब केवल आमजन ही डरता है।