परवन नदी में नाव पलटने से हुए हादसे के बाद करीब दो दिन से 4 लोगों की तलाश कर रही रेस्क्यू टीम को 7 अन्य शव नदी में तैरते हुए मिले। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे में 15 नहीं इससे ज्यादा लोग बहे थे।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के झालावाड़ और बारां जिले की परवन नदी में रेस्क्यू टीम को 5 पुरुष और दो महिलाओं के शव काकोनी गांव के पास ही दिखाई दिए, जिन्हें बाहर निकालकर शिनाख्तगी की जा रही है। हैरानी की बात ये है कि रेस्क्यू टीम 4 लोगों को ढूंढ रही थी, लेकिन उन्हें 3 अन्य शव भी तैरते मिले हैं, ऐसे में अंदेशा ये जताया जा रहा है कि अन्य 3 शव भी इसी हादसे का शिकार हुए हैं।
इससे पहले बुधवार को भी रेस्क्यू टीम पूरा दिन 4 लोगों को खोजती रही, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल पाया। आज सुबह रेस्क्यू टीम द्वारा फिर से सर्च आॅपरेशन चलाया गया, जिसके बाद बारां जिले के सारथल के काकोनी के पास दो शवों के तैरते देखे जाने की सूचना मिली, जिन्हें बाहर निकाला गया। इसके तुरंत बाद ही 5 अन्य शवों के भी देखे जाने की सूचना मिली, उन शवों को भी बाहर निकाल लिया गया है।
जनकारी के अनुसार सभी शव उसी स्थान के आसपास से मिले जहां घटना वाले दिन हादसे में डूबे लोगों में से एक युवती की लाश मिली थी। फिलहाल शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर बारां एसडीएम हीरालाल वर्मा और रेस्क्यू टीम मौके पर जमा हुई। वहीं अब लाशों की शिनाख्तगी के प्रयास किए जा रहे हैं।