मेवाड़ प्रांत में एक बार फिर से हादसे के रुप में आस्था ने सड़क पर दम तोड़ा है। उदयपुर संभाग के चित्तौड़गढ़ में शुक्रवार आज सुबह 5 बजे बड़ा हादसा हो गया जिसमें 5 महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया वहीं दो अन्य ने अस्पताल में प्राण त्याग दिए। इस हादसे में 7 अन्य महिलाएं व चालक गंभीर रुप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उदयपुर-चित्तौड़गढ़ मार्ग पर सांवलियाजी चौराहे पर हाईवे पर खड़े ट्रेलर में तेज गति से आ रही टेंपो ट्रैक्स जा घुसी भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि जीप के पूरे परखच्च्चे ही उड़ गए। घटना के बाद घायलों को चित्तौडगढ़ के सांवलियाजी अस्पताल लाया गया,जहां पर आपाधापी मच गई।
मेडिकल टीम ने सभी का उपचार शुरू किया। घायलों में पांच की हालत गंभीर बनी हुई है जबकि एक महिला ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे की शिकार हुईं सभी महिलाएं डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा के रहने वाले सोमपुरा जाति की हैं। सोमपुरा जाति के लोग मंदिर शिल्प में सिद्धहस्त माने जाते हैं।