अजमेर के नारेली स्थित हाडी रानी बटालियन में कार्यरत महिला कर्मचारी ने अपने से 12 साल छोटे युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। दोनों की दोस्ती फेसबुक पर हुई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद अलवर गेट थाना पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाया।
अलवर गेट थानाधिकारी हरिपाल सिंह ने बताया कि हाडी रानी महिला बटालियन परिसर में ही रहने वाली महिला कर्मचारी ने शिकायत दी कि ब्यावर निवासी सोनू उर्फ सोहन ने तीन माह पहले उससे फेसबुक के जरिए दोस्ती की। इसके बाद वह बटालियन के परिसर स्थित क्वार्टर पर आया और उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, जिसके बाद वो सुध बुध खो बैठी। इसी का फायदा उठाकर आरोपी सोनू ने उसके साथ दुराचार किया। अब पुलिस आरोपी सोनू की तलाश कर रही है।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने दो बार उसके साथ दुराचार किया। दूसरी बार आरोपी सोनू उससे मिलने क्वार्टर पर आया और उसे उसकी अश्लील फोटो दिखाकर ब्लैकमेल किया और बदनाम करने की बात कहकर उसके साथ फिर जबरन दुराचार किया।
थानाधिकारी हरिपाल सिंह ने कहा कि पीड़िता की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाया गया है और उसके बयान भी दर्ज कर लिए हैं। बताया गया है कि पीड़िता के पति की मौत हो चुकी है।