पीएम नरेंद्र मोदी की बात नहीं मानना तीन लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मामला राजस्थान के कोटा जिले का है। यहां पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने घर में शौचालय नहीं बनवाए थे। यहां दिगोद कस्बे में पिछले कई महीनों शौचालय निर्माण के लिए समझाइश चल रही थी। इसके बावजूद लोग अभी भी खुले में शौच करने जा रहा हैं। रविवार को आखिरकार पुलिस ने सख्ती करते हुए खुले में शौच करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
प्रशासन के निर्देश पर पुलिस चौकी प्रभारी कमल प्रकाश मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। इस टीम ने शौचालय नहीं बनाने पर बाबू लाल मेघवाल, रामकिशन मेघवाल ओर बाबूलाल को गिरफ्तार किया। तीनों को एसडीएम तारामती वैष्णव के समक्ष पेश किया जहां से इन्हें चार दिन में शौचालय बनाने के लिए पाबंद किया गया। इसके साथ ही हिदायत भी दी गई कि ऐसा नहीं करने पर और भी ज्यादा कठोर कार्रवाई की जाएगी।