जोधपुर जेल में एक बार फिर से कैदियों तक कुछ ऐसे सामान पहुंचे है जिसके बाद जेल प्रशासन की नींद उड़ गई है। देश की तिहाड़ जेल के बाद सबसे ज्यादा सुरक्षित माने जाने वाली जोधपुर सेंट्रल जेल में एक बार फिर से मोबाइल फोन और नशीले पदार्थ मिलने की घटना सामने आई है।
मंगलवार को भी जेल में तलाशी के दौरान करीब चार्जर समेत करीब 21 मोबाइल और चरस की पुड़िया मिली है। इसके बाद जेल प्रसाशन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए रातानाडा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। लगातार जेल में मोबाइल और नशीले पदार्थ मिलने से जेल की सुरक्षा के साथ ही जेल प्रसाशन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। जेल में बंद हार्डकोर अपराधियों के जेल से गैंग चलाने और लगातार मोबाइल और नशीले पदार्थ मिलने की घटनाओं को जेल प्रशासन गंभीरता से लेने की बातें तो बहुत करता है मगर फिर भी आए दिन जेल में बंद कैदियों के तक मोबाइल,नशीले पदार्थ और अन्य सामान पहुंच ही जाते है।
इस बार हुई घटना के बाद जेल प्रसाशन ने अपनी सफाई में कहा है कि ये सभी मोबाइल और नशीले पदार्थ किसी ने जेल की दीवार से अंदर फेंके थे लेकिन जब तक कैदियों तक यह सामान पहुंचता उससे पहले ही जेल प्रहरी ने गश्त के दौरान इन सामानों को जब्त कर लिया और इस संबंध में रातानाडा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। गौरतलब है कि जोधपुर सेंट्रल जेल में कई हार्डकोर अपराधी बंद है जिनमें से एक लॉरेंस विश्नोई भी है जिसका फेसबुक अकाउंट तो अब भी आॅपेरट किया जा रहा है।