सरकार के तमाम दावों के बाद भी मौसमी बीमारियां लोगों के लिए प्राणघातक बनी हुई हैं।
महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में जड़ें जमा चुका स्वाइन फ्लू लगातार हो रही मौत का कारण बना हुआ है। राजस्थान में तो हालात दिनोंदिन बिगड़ते जा रहे हैं। साल की शुरुआत से अब तक राजस्थान में स्वाइन फ्लू से 143 लोग दम तोड़ चुके है।
वहीं अब डेंगू भी मौत का कारण बन रहा है। शुक्रवार को कोचिंग सिटी कोटा में तीन महिलाओं की मौत हो गई। जिसमें दो महिलाओं की मौत डेंगू के कारण जबकि एक मौत स्वाइन फ्लू से हुई है। स्वाइन फ्लू के कारण मरने वाली महिला भूली देवी पांच माह की गर्भवती थी। स्वाइन फ्लू के कारण जिले में हुई मौत का आंकड़ा 20 तक पहुंच गया है।