सऊदी अरब में हाल ही में एक प्रिंस को फांसी देकर न्याय की मिसाल कायम की गई थी। मामले को एक महीना ही बीता है कि अब एक और खबर सामने आई है कि एक और शाही सदस्य को कोड़े से पिटाई की सजा दी गई है। दरअसल, सऊदी के दैनिक अखबार ओकाज में प्रिंस को सजा देने की खबर छपी है।
हांलाकि, प्रिंस के नाम को गुप्त रखा गया है, साथ ही इस बात का भी खुलासा नहीं हुआ है कि प्रिंस को किस आरोप में यह सजा दी गई है। लेकिन इतना बताया गया कि जेद्दा के कोर्ट के आदेश के चलते प्रिंस को ऐसी कठोर सजा दी गई है। बताते चलें कि प्रिंस की सजा को लेकर सरकार की ओर के कोई बयान जारी नहीं किया गया। साथ ही न्याय मंत्रालय के अधिकारी टिप्पणी देने से बचते हुए दिखे। बताया जा रहा है कि प्रिंस अभी भी जेल में सजा काट रहा है।
40 साल बाद दी गई थी प्रिंस को सजा-ए-मौत
बता दें कि यह ऐसा पहला मामला नहीं है जब किसी शाही सदस्य को कोर्ट ने ऐसी कड़ी सजा दी हो। न्याय पर लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए हाल ही में एक प्रिंस तुर्की बिन सऊद अल-कबीर को मौत के घाट उतारा गया था। प्रिंस पर अपने दोस्त की हत्या करने का मुकदमा चल रहा था।
दोषी पाए जाने के बाद 19 अक्टूबर को प्रिंस को सजा-ए-मौत दे दी गई। हालांकि, इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि प्रिंस को किस तरीके से मौत की सजा दी गई। बता दें कि 40 साल बाद किसी प्रिंस को मौत की सजा दी गई थी।
प्रिंसेस को शाही नियम तोड़ने के चलते मिली मौत
इससे पहले भी प्रिंस फैसल बिन मुसैद को अपने भतीजे की हत्या करने के आरोप में मौत की सजा दी गई थी। बताया जाता है कि लंबी कार्यवाही के बाद प्रिंस को मौत के घाट उतार दिया गया। इतना ही नहीं शाही नियमों को तोड़ने के आरोप में प्रिंसेस मिशाएल-बिन-फहद को भी नहीं बक्शा गया था।
बताया जाता है कि प्रिंसेस का रिश्ता शाही परिवार में कर दिया गया था, लेकिन वह किसी और से प्यार करती थीं। इस बीच प्रिंसेस और उनका प्रेमी जिदंगी भर साथ रहने के लिए फरार हो गए, लेकिन दोनों को पकड़ लिया गया। नाराज शाही परिवार ने प्रिंसेस को मौत की सजा दी।