न्यूयॉर्क में प्रतिष्ठित गिरोह के सरगना फ्रांसेस्को 'फ्रैंकी ब्वॉय' कैली की हत्या मामले में पुलिस ने 24 वर्षीय संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। प्रशासन ने इस बात की जानकारी शनिवार को दी है।
53 वर्षीय कैली की हत्या बुधवार को उसके स्टेटन आईलैंड स्थित घर के बाहर कर दी गई थी। कैली कथित तौर पर गैंबीनो परिवार का हिस्सा था। ये परिवार पांच इतालवी-अमेरिकी माफिया परिवारों में से एक है। इन परिवारों ने ऐतिहासिक रूप से न्यूयॉर्क और न्यूजर्सी में संगठित अपराध किए हैं।
मामले में पुलिस ने शनिवार को एंथनी कॉमेलो को न्यूजर्सी से गिरफ्तार किया है। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के चीफ ऑफ डिटेक्टिव डेर्मोट शीआ का कहना है कि हो सकता है कि कॉमेलो ने ही कैली की हत्या की है। उन्होंने कहा कि अभी वह जांच के प्रारंभिक स्तर पर ही हैं।
घटना से जुड़े एक वीडियो में दिख रहा है कि एक व्यक्ति कैली को मार रहा है। वो व्यक्ति कथित तौर पर कॉमेलो है। वह कैली की पार्क की हुई एसयूवी को टक्कर मारता है। कैली को घर से बाहर बुलाने के पीछे उसकी कोई चाल हो सकती है।
माना जा रहा है कि संदिग्ध ने कैली को 10 बार गोली मारी है। कैली को गोली मारने से पहले संदिग्ध ने उससे हाथ मिलाया और दोनों ने बात की। पुलिस अभी कैली की हत्या के पीछे छिपे उद्देश्य की जांच कर रही है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार कैली जिस परिवार से ताल्लुक रखता है उस परिवार पर हत्या, ऋण चोरी, जुआ, अवैध ड्रग वितरण जैसे आरोप लग चुके हैं।