क्या कोई अपनी प्रेमिका को 4 वाई 2 के कुत्ते के पिंजड़े में भी रख सकता है, वो भी चार महीने तक? ये सवाल दरअसल, उस तहरीर की हकीकत है जिसकी बिनाह पर अमेरिका की एक अदालत में मुकदमा चल रहा है और आरोपी को जमानत पर रिहा करने से इन्कार किया गया है।
डेलीमेल की खबर के मुताबिक तस्वीर में दिख रहा शख्स अमेरिका के कैलीफोर्निया के टरलोक का रहने वाला है। नाम है फ्रैंक गुएरा। 22 वर्षीय इस शख्स पर आरोप है कि इसने अपनी प्रेमिका को चार महीने तक कुत्ते के पिंजड़े में कैद करके दरिंदगी की हद तक प्रताड़ित किया।
पुलिस के मुताबिक गुएरा की दरिंदगी की दास्तान जानकर किसी का भी बदन सिहर जाएगा और रूह कांप उठेगी। पुलिस को दिए पीड़िता के बयान के मुताबिक इसने अपनी प्रेमिका के साथ वो सलूक किया जो राक्षस भी नहीं करते।
पुलिस की मानें तो गुएरा ने चार महीने तक प्रेमिका को पिंजड़े में तो कैद रखा ही, इसके अलावा जब भी उसे शौच के लिए जाना होता था तो ये शख्स उसे एक कटोरे में शौच करने के लिए मजबूर करता।