सऊदी अरब के एक कोर्ट ने शख्स को ड्रग्स तस्करी करने के आरोप में 1500 कोड़े समेत 15 साल की सजा सुनाई है। इंडिपेंडेंट के अनुसार यह शख्स जेद्दाह की ब्रीमेन जेल में ड्रोन की मदद से ड्रग्स की तस्करी करता था। दो साल से चल रहे इस गौरख धंधे में यह खुलासा सामने आया है कि आरोपी अपने इस गैरकानूनी धंधे को 45X45 सेमी. के ड्रोन की मदद से अंजाम देता था।
साथ ही वह एक बार में ड्रोन में 115 ग्राम ड्रग्स की 2000 गोलियां एक साथ भेजता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ड्रोन को पास की सुपर मार्केट की छत से रवाना करता था, जोकि जेल के काफी पास है। पुलिस रिपोर्ट में बताया गया कि कैदियों को ड्रग्स देते समय उनसे पैसे भी ले लिए जाते थे।
चौंका देने वाली बात है कि इस शख्स पर इस तरह के ड्रोन बेचने का आरोप है। जांचकर्ताओं ने बताया कि अबतक यह ऐसे 13 ड्रोन बेच चुका है, जिसमें एक की कीमत करीब 1 हजार यूरो रही थी। ऐसा पहली बार नहीं है जब ड्रोन के जरिए जेल परिसर में ड्रग्स भेजने के धंधे को अंजाम दिया गया हो। इससे पहले भी लंदन पुलिस ने दो ड्रोन पकड़े थे जो कि ड्रग्स से लेस थे और उनमें मोबाइल फोन भी थे।