कैलिफोर्निया के रहने वाले एक अभिनेता ने अमेरिकी एयरलाइंस के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। उनका आरोप है कि फर्स्ट क्लास सीट पर बैठने के बाद सीट के आर्मरेस्ट में उनकी उंगली फंस गई थी। जिसके बाद अग्निशमन कर्मियों और मकैनिकों को उनकी उंगली निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। उंगली को ठीक से नहीं निकाला गया जिसकी वजह से उन्हें परेशानी हो रही है।
अभिनेता का नाम स्टेफन कीस है। स्टेफन "सोल प्लेन" और "बिग टाइम रश" जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। अमेरिकी एयरलाइंस के खिलाफ उन्होंने लॉस एजेंलिस के सुप्रीम कोर्ट में शिकायत करते हुए दावा किया है कि इस वजह से उन्हें न केवल शारीरिक पीड़ा झेलनी पड़ रही है बल्कि भावनात्मक पीड़ा का भी सामना करना पड़ा है।
उन्होंने शिकायत में कहा है कि घटना 9 सितंबर को हुई थी। जब उन्होंने सीट बेल्ट पहनने के लिए आर्मरेस्ट को उठाया, तभी उनकी ऊंगली आर्मरेस्ट में मौजूद एक छेद में फंस गई। उनका कहना है कि उंगली निकालने का एयरलाइंस का तरीका ठीक नहीं था।
इसके अलावा उन्हें अपमान का भी सामना करना पड़ा। जब उनकी उंगली निकाली जा रही थी तो विमान के बाकी यात्री भी उनकी सीट के पास जमा हो गए। उन्हें सार्वजनिक तौर पर अपमान का सामना करना पड़ा है। उंगली निकलने में करीब एक घंटे का वक्त लग गया। उनका कहना है कि अब उनकी उंगली बिल्कुल ठीक नहीं है। वह काफी सूज गई है। वह अपने रोजमर्रा के कार्यों में भी परेशानी का सामना कर रहे हैं।