आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट की क्रूरता दुनिया भर में कुख्यात है, लेकिन एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिससे आईएस की क्रूरता भी एक कदम पीछे हट जाए। इस वीडियो में दिखाया गया है कि एक बंधक आईएस आतंकवादी को पहले तो एक चट्टान से नीचे फेंका जाता है, फिर उसे गोलियों से छलनी कर दिया जाता है। अक्सर इस तरह की सज़ा आईएस आतंकी समलैंगिकों को देते हैं।
आईएस के कब्जे से मोसुल को छुड़ाने के ठीक एक दिन बाद यह वीडियो मोसुल आई नामक ब्लॉग में पोस्ट किया गया है। हालांकि इलाके के कई हिस्सों में अभी भी छोटी-मोटी लड़ाई चल रही है। इसी शहर से आईएस प्रमुख अबु बकर अल बगदादी ने खुद को मुसलमानों का खलीफा बताया था।
बगदाद के आतंरिक मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि यह वीडियो मोसुल का है, इसकी जांच कर ली गई है और जो भी सैनिक इस कृत्य में शामिल हैं, उन्हें न्याय के कठघरे में खड़ा होना होगा।