दुनिया के सबसे आलीशान और सुरक्षित महलों में शामिल सऊदी अरब के अल-सलाम रॉयल पैलेस में शनिवार को घुसे एक अज्ञात शख्स ने फायरिंग कर दी, जिसमें 2 सुरक्षा गार्ड्स की मौत हो गई। हालांकि बाद में सुरक्षा गार्ड्स ने हमलावार को मार गिराया।
सऊदी अरब के जेद्दा शहर में हमला करने घुसे शख्स की पहचान 28 साल के मंसूर अल-आमरी के तौर पर हुई है। वह सऊदी अरब का ही रहने वाला था। सऊदी अरब की इंटीयर मिनिस्ट्री के सिक्युरिटी स्पोक्सपर्सन के मुताबिक, हमलावर ने अल-सलाम पैलेस के वेस्टर्न गेट पर फायरिंग की। इसमें दो गार्ड मारे गए, जबकि तीन लोग जख्मी हो गए।
हमलावरों के पास मिले पेट्रोल बम
हमले में मारे गए गार्ड के नाम एजेंट सार्जेंट हम्माद बिन सल्लाह अल-मुतैरी और फैसल अल-सुबई थे। एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों के पास से एक एके-47 राइफल और तीन पेट्रोल बम मिले हैं।
सऊदी सुरक्षा बलों का मानना है कि जेद्दा में सऊदी राजा के महल पर हमला करने वाले आतंकवादी अकेले नहीं थे। जांच अधिकारियों को मौके से एके-47 और शराब की एक बोतल मिली है।
अमेरिकी दूतावास ने बाहर निकलने से किया मना
हमले के बाद अमेरिकी दूतावास की तरफ से बयान भी जारी किया गया है। इसमें अमेरिकी नागरिकों को सुरक्षा के मद्देनजर बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। फिलहाल हमले के अन्य अपराधियों की तलाशी जारी है।
हमले की अभी वजह पता नहीं चल सकी है, लेकिन इसमें आईएसआईएस का हाथ हो सकता है। सऊदी पुलिस ने इस हफ्ते आतंकी गुट आईएसआईएस के कुछ ठिकानों पर छापे मारे थे। इसमें दो लोग मारे गए थे और पांच को अरेस्ट किया गया था।