हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आजम खां द्वारा गोरक्ष पीठाधीश्वर महंत आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी को अमर्यादित और पूर्वांचल का सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बताते हुए कैंट थाने में तहरीर दी है। प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह ने आरोप लगाया है कि आजम के बयान से पूर्वांचल में दंगा फैल सकता था।
इस नाते आजम खां के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाना चाहिए। अगर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई तो हियुवा कार्यकर्ता पूरे पूर्वांचल में आंदोलन को बाध्य होंगे। हियुवा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सिंह ने तहरीर में कहा है कि आजम खां के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर प्रशासन आवश्यक कार्रवाई करे और प्रदेश सरकार आजम को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर हिंदू जनमानस की भावनाओं का आदर करे।
तहरीर देने के समय सुनील सिंह के साथ श्रवण सिंह, प्रमोद सिंह, रामभुआल कुशवाहा, ऋषिमोहन वर्मा, सौरभ विश्वकर्मा, भूपेंद्र सिंह, राजेश सोनकर, प्रभात दुबे, प्रदीप कुमार, कमलेश कश्यप, राजेश यादव, राजेश शर्मा, रितेश गुप्ता, हिमांशु गुप्ता सहित अन्य कई लोग थे।