अगर आप दिल्ली घूमने के लिए आये हैं, या आने की योजना बना रहे हैं तो थोड़ा सावधान रहें। क्योंकि हो सकता है कि दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर इस बार आपका स्वागत कोई रिश्तेदार नहीं, बल्कि कुछ ऐसे खूबसूरत चेहरे करें जो देखने में तो बहुत अच्छे लगें, लेकिन जब तक आपको उनकी असलियत पता चले, वे आपका कीमती सामान लेकर रफूचक्कर हो चुके हों। शनिवार को एक ऐसे ही केस का पर्दाफाश हुआ है।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि हमने पिछले कुछ दिनों से यात्रियों से इस तरह की शिकायतें पाईं थीं जिनमें इस तरह के गिरोह के सक्रिय होने की जानकारी मिली थी। ऑपरेशन चलाकर ऐसी कुछ महिलाओं को गिरफ्तार भी किया गया है। अधिकारी के मुताबिक ये महिलायें एस्कलेटर (स्वचालित सीढ़ी) पर अपने शिकार के आसपास घेरा बना लेती हैं। आगे का ग्रुप किसी बहाने से शिकार का ध्यान बंटाता है और पीछे से गिरोह के दूसरे सदस्य चोरी को अंजाम दे देते हैं।
डिवीजनल रेलवे मैनेजर एससी जैन ने बताया कि इस वर्ष अब तक ऐसे नौ गिरोहों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सभी शिकायतों पर सीसीटीवी फुटेज की सहायता से जांच की गई और उसमें अपराधियों को पहचानने में मदद मिली। अधिकारी ने लोगों को सचेत रहने, किसी अंजान के ज्यादा घुलने-मिलने की कोशिश करने से सावधान रहने की सलाह दी है।