फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

योगी के मुंबई आगमन से महाविकास आघाड़ी के नेताओ में खलबली

Tue, 01 Dec 2020 07:20 PM IST
संजीव कुमार झा सुरेंद्र मिश्र, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(फाइल फोटो) - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय मुंबई दौरे को लेकर महाविकास आघाड़ी के नेताओं में खलबली मच गई है। मुख्यमंत्री योगी पर आरोप लगाया जा रहा है कि वे मुंबई से बॉलीवुड को खत्म करना चाहते हैं। महाराष्ट्र में सत्ताधारी दल के नेताओं की इन आशंकाओं के बीच योगी मंगलवार को मुंबई पहुंच रहे हैं। रात के 9 बजे फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार के साथ नोएडा फिल्म सिटी को लेकर विचार विमर्श का कार्यक्रम है।

विज्ञापन


यूपी पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विमलेश कुमार औदिच्य ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय मुंबई दौरे में देश के बड़े उद्योगपतियों, बैंकरों और सिनेजगत की हस्तियों से मिलेंगे। इस दौरान वे राज्य में निवेश, प्रस्तावित फिल्मसिटी और फाइनांस सिटी पर चर्चा करेंगे।

लेकिन इससे इतर महाराष्ट्र के कांग्रेस-एनसीपी के नेताओं को लगता है कि योगी का मुंबई दौरा किसी एजेंडे के तहत हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत के बयान से तो यही दिखाई देता है। सावंत ने आशंका जाहिर की हैं कि योगी बॉलीवुड की हस्तियों को धमकाने आ रहे हैं।
विज्ञापन


प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने तो यहां तक कह दिया है कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और गृहमंत्री अनिल देशमुख से मांग है कि वे इस बात पर नजर रखें कि योगी कहीं बॉलीवुड से जुड़े लोगों और निर्माताओं को धमकाकर जबरन उत्तर प्रदेश ले जाने की साजिश तो नहीं है।

वहीं, एनसीपी सुप्रीमों शरद पवार की पुत्री व सांसद सुप्रिया सुले ने मंगलवार को कहा कि योगी का मुंबई में स्वागत है। वे कितना प्रयास कर लें बॉलीवुड अलग नहीं हो सकता। मुंबई और बॉलीवुड का अटूट नाता है। एनसीपी के ही नेता छगन भुजबल ने कहा कि बॉलीवुड को मुंबई से नोएडा ले जाने की साजिश सफल नहीं होगी।

शिवसेना अध्यक्ष व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पहले ही कह चुके हैं कि मुंबई से बॉलीवुड को समाप्त करने का प्रयास कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि इस बीच महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने मंगलवार को कहा कि कोई भी बॉलीवुड को मुंबई से नहीं हटा सकता। इसके बावजूद नोएडा फिल्मसिटी को लेकर राजनीति गरम है।

महाराष्ट्र से द्रोह न करें भाजपा- अशोक चव्हाण
महाराष्ट्र कांग्रेस के दिग्गज नेता व पीडब्लूडी मंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि बीते पांच साल से योजनाबद्ध तरीके से महाराष्ट्र के आर्थिक व औद्योगिक महत्व को कम करने की साजिश की जा रही है। भाजपा शासन में बीते पांच साल में महाराष्ट्र की कई इंडस्ट्री गुजरात चली गई। अब महाराष्ट्र में सरकार बदल गई है तो उत्तर प्रदेश सरकार के माध्यम से बॉलीवुड को खत्म करने की पटकथा तैयारी की गई है। लेकिन प्रदेश के भाजपा नेता इस काम में सहभागी होकर महाराष्ट्र से द्रोह न करें।

बॉलीवुड से हमारा है खून का रिश्ता- उर्मिला मातोंडकर
मंगलवार को शिवसेना में शामिल हुई अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने भी फिल्मसिटी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में नई फिल्मसिटी बन रही है इसके लिए हमारी शुभकामनाएं है। हम सभी चाहते हैं कि नोएडा मे अच्छी फिल्म सिटी बने। लेकिन, बॉलीवुड से हमारा खून का रिश्ता है उसको कोई हमसे अलग नहीं कर सकता। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें