व्हाट्सएप पर फर्जी संदेशों की वजह से लगातार बढ़ रही हिंसात्मक घटनाओं व मॉब लिंचिंग को लेकर चिंतित भारत सरकार लंबे समय से व्हाट्सएप पर इन फर्जी और झूठे संदेशों को रोकने लिए कोई पहल करने का दबाव डाल रही थी। व्हाट्सएप ने इस ओर सकारात्मक रुख दिखाते हुए शिकायत निस्तारण अधिकारी की नियुक्ति की है। इसके अलावा व्हाट्सएप ने यूजर्स के लिए शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी भी जारी की है।
इसी मुद्दे पर अमर उजाला डॉट कॉम ने ऑनलाइन पोल में सवाल पूछा था कि 'क्या व्हाट्सएप द्वारा शिकायत अधिकारी की नियुक्ति से फर्जी संदेशों पर लगाम लग जाएगी?' इस पर लोगों की प्रतिक्रिया मिली जुली रही। 51.97 प्रतिशत लोगों का मानना है कि व्हाट्सएप के इस कदम से ऐसे संदेशों पर लगाम लगेगी वहीं, 48.03 प्रतिशत लोगों का मानना है कि इस पहल से कोई फायदा नहीं होने वाला।