शुक्रवार तीन जून को विश्व साइकिल दिवस (World Bicycle Day) मनाया जाएगा। इस मौके पर साइकिल रैलियों के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम होगा। इसका शुभारंभ केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम से करेंगे। इस दौरान वे 750 युवा साइकिल चालकों के साथ 7.5 किलोमीटर साइकल चलाएंगे।
विश्व साइकिल दिवस पर हो रही इस पहल के माध्यम से एक ही दिन में 1.29 लाख युवा साइकिल चालकों द्वारा कुल 9.68 लाख से ज्यादा किलोमीटर का सफर किया जाएगा। देश के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानी में और देश भर के 75 प्रतिष्ठित स्थानों पर साइकिल रैलियां निकाली जाएंगी।
देशभर में साइकिल रैलियां निकालने का मकसद लोगों को शारीरिक फिटनेस के लिए रोजाना साइकिल चलाने के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित करना और मोटापे, आलस्य, तनाव, चिंता, बीमारियों आदि से मुक्ति दिलाना है। आम नागरिकों द्वारा साइकिल चलाने से प्रदूषण व कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आएगी।
युवा मामले और खेल मंत्रालय आजादी के अमृत महोत्सव 'भारत@75' के तहत विश्व साइकिल दिवस मना रहा है। मंत्रालय के दो अग्रणी युवा संगठन नेहरू युवा केंद्र (NYKS) और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सहयोग से एक साथ चार गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। इनमें दिल्ली में विश्व साइकिल दिवस का शुभारंभ, 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों, देश के 75 प्रसिद्ध स्थलों और सभी ब्लॉक में साइकिल रैलियां शामिल है।