चिलुआताल क्षेत्र में सोमवार की सुबह अपनी जमीन पर शौचालय बनवा रही महिला की रिटायर्ड सिपाही ने घरवालों के साथ मिलकर पिटाई कर दी। बीच-बचाव में आई उसकी जेठानी भी घायल हो गई। मारपीट में महिला के कपड़े फट गए। इसके बाद आरोपियों ने उसे निर्वस्त्र कर पीटा। हमलावरों के भय से कोई भी व्यक्ति बीच-बचाव करने नहीं आया। पिटाई से घायल एक महिला की हालत गंभीर है। पुलिस ने भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय तहरीर लेकर थाने पहुंचे पीड़ित पक्ष के पुरुषों को थाने में बैठा लिया।
चिउटीजाम गांव की रहने वाली महिला अपने घर के सामने शौचालय बनवाने के लिए सोमवार को गड्ढा खोदवा रही थी। घर के पास ही रहने वाले रिटायर्ड सिपाही ने इस पर आपत्ति की और काम रुकवा दिया। विरोध करने पर उन्होंने घर वालों के साथ मिलकर महिला की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने जब महिला की जेठानी पहुंची तो उन्हें भी डंडे से हमला कर घायल कर दिया गया। आरोप है कि मारपीट में एक महिला के कपड़े फट गए, मगर हमलावरों ने उसे निर्वस्त्र कर पीटा।
जानकारी होने पर परिवार के लोग उसे लेकर मेडिकल कॉलेज गए जहां उसकी हालत गंभीर होने पर मंगलवार को डॉक्टर ने पीजीआई रेफर कर दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि नेताओं के दबाव में पुलिस ने आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की, उलटे तहरीर लेकर पहुंचे परिवार के पुरुषों को ही थाने में बैठा लिया। मंगलवार को पीड़ित महिला की बहन ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी देने के साथ ही कार्रवाई की मांग की।