रेलवे मालगोदाम के यार्ड में खड़ी दिल्ली पैसेंजर में शनिवार को देर रात एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। फील्ड यूनिट के जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवती की हत्या करने से पहले उसके साथ रेप किया गया।
युवती के साथ दो व्यक्तियों को शनिवार रात में देखा गया था। करीब 25 वर्षीय यह युवती घुमंतू जाति की लग रही है और शादीशुदा भी, हालांकि अभी उसकी शिनाख्त नहीं हुई है। 26 जून से शाहजहांपुर-दिल्ली पैसेंजर रद्द चल रही है। इसके बाद से ट्रेन की बोगियां प्लेटफार्म पांच के पार माल गोदाम की साइडिंग में खड़ी हैं। रविवार से दिल्ली पैसेंजर का संचालन फिर से शुरू होना था। इसके लिए रविवार सुबह ट्रेन की साफ सफाई शुरू की गई। करीब 11 बजे रेलवे की सफाई कर्मचारी मीना कुमारी और सरला देवी ट्रेन की सफाई के लिए आईं।
आगे से चौथी बोगी के दरवाजे खुले देखे तो अंदर झांककर देखा। तब उन्हें बोगी में गेट के पास वाली सीट के नीचे एक युवती का रक्तरंजित शव पड़ा दिखा। पहने हुए सलवार-कुर्ता अस्त व्यस्त थे। बिछुए आदि पहने होने के कारण वह शादीशुदा मालूम पड़ती है। महिला सफाई कर्मियों ने शव पड़े होने की सूचना जीआरपी थाने में दी।
जीआरपी एसओ जयशंकर प्रसाद और आरपीएफ इंस्पेक्टर एसपी सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। हालात देखकर एसओ जीआरपी ने पुलिस लाइंस से फील्ड यूनिट को बुला लिया। डॉग स्क्वॉड का खोजी कुत्ता युवती का शव सूंघने के बाद ट्रेन की बोगी से उतरकर मालगोदाम में बने टीन शेड तक गया, फिर वापस आकर ट्रेन के बोगी में चक्कर काटने लगा। फिलहाल डॉग स्क्वॉड को कोई क्लू नहीं मिला। फोरेंसिक टीम ने बोगी में पड़े खून के सैंपल लिए और शव के आसपास गहनता से छानबीन की। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।