बंगलूरू के एक एटीएम में महिला बैंक अधिकारी पर प्राणघातक हमला करने वाला बदमाश तीन साल बाद आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया। उस सनसनीखेज वारदात की सीसीटीवी फुटेज काफी वायरल हई थी, जिसमें महिला पर ताबड़तोड़ प्रहार करते दिखाया गया था। उस हमले के बाद महिला अधिकारी लकवाग्रस्त हो गई थी। पुलिस ने बताया कि फरार अपराधी 43 वर्षीय मधुकर रेड्डी को नियमित तलाशी अभियान के दौरान शनिवार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि हत्या के जुर्म में उम्रकैद की सजा काट रहा रेड्डी 2011 में कडप्पा के एक अस्पताल से फरार हो गया था। उसके बाद उसने दो साल बाद कथित रूप से एटीएम में वारदात की थी।
पुलिस के आला अधिकारी ने बताया कि रेड्डी को मदनपल्ली के नजदीक निम्मनपल्ली से गिरफ्तार किया गया। एसपी घट्टमनेनी श्रीनिवास ने कहा कि विशेष पुलिस दस्ते ने रेड्डी को देखा। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि रेड्डी ने 19 नवंबर 2013 को एटीएम में महिला बैंक अधिकारी पर धारदार हथियार से नृशंस हमले का जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने पुलिस के सामने यह भी कबूल किया कि उसने आंध्र प्रदेश में दो महिलाओं की हत्या भी की है। हैदराबाद में एक सेक्स वर्कर की भी हत्या कर दी थी। गौरतलब है कि उस एटीएम वारदात का देश भर में व्यापक असर पड़ा था और उस घटना के बाद सरकार से एटीएम कियोस्क की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश देने और यहां तक कि बिना गार्ड वाले बूथ को बंद तक करने का निर्देश देने को कहा गया था।