Maharasthra: ठाणे में घर के अंदर मृत पाई गई महिला, पति की तलाश में जुटी पुलिस; हत्या का मामला दर्ज
Wed, 26 Nov 2025 08:03 PM IST
निर्मल कांत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ठाणे (महाराष्ट्र)।
सार
Maharasthra: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक घर में महिला की लाश मिलने के बाद पुलिस अब उसके पति की तलाश कर रही है। उसे इस मामले में मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है। शुरुआती जांच के मुताबिक, उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी और उस पर धारदार हथियार से भी हमला हुआ था।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले की डोंबिवली पुलिस ने एक व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। व्यक्ति की पत्नी घर के अंदर मृत पाई गई। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
विज्ञापन
मणपाड़ा थाने के एक अधिकारी ने बताया कि ज्योति दहीजे (29 वर्षीय) का मंगलवार को शव मिला। उनके गायब पति पप्पू (पोपट) दहीजे को इस मामले में मुख्य आरोपी माना जा रहा है। पप्पू दहीजे पेशे से राजमिस्त्री है।
यह कथित हत्या का मामला तब सामने आया, जब पप्पू काम पर नहीं पहुंचा और उसके मालिक ने एक कर्मचारी को कोलेगांव स्थित उसके घर पर भेजा। कर्मचारी को घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला। लेकिन जब उसने दहीजे की पत्नी को फोन किया, तो मोबाइल की आवाज घर के अंदर से आई, जिससे शक हुआ। जब कर्मचारी और मालिक ने घर के अंदर झांका, तो उन्हें खून के निशान दिखे। उन्होंने तुरंत दरवाजा तोड़ा और अंदर ज्योति दहीजे को मृत पाया।
मणपाड़ा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी और उस पर धारदार हथियार से भी हमला हुआ था। पति घर से गायब है, इसलिए पुलिस ने उसे मुख्य संदिग्ध माना है। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।