नए ग्रहों की खोज की दिशा में इंसानों के रहने लायक एक ग्रह मिला है। वैज्ञानिकों का दावा है कि यहां पर इन्सानी बस्ती बसाई जा सकती है। यह एक पथरीली दुनिया है, लेकिन यहां पानी की अपार संभावनाएं दिख रही हैं। इसलिए उम्मीद है कि इंसान यहां आसानी से रह सकेगा। यह धरती से 1.26 गुना ज्यादा वजनी है और 1.08 गुना बड़ा है। इसे स्पेन के कालार एल्टो ऑब्जर्वेटरी में लगे 11.5 फुट ऊंचे कारमेंस टेलीस्कोप की मदद से खोजा गया है।
5,200 से अधिक ग्रह खोजे... वैज्ञानिकों ने अब तक 5,200 से ज्यादा ग्रह खोजे हैं, लेकिन सिर्फ 200 रहने लायक हो सकते हैं। वोल्फ 1069बी धरती के करीब खोजा गया छठा रहने योग्य ग्रह है। प्रॉक्सिमा सेंटौरी बी, जीजे 1061डी, टीगार्डेन्स स्टार सी और जीजे 1002 बी और सी शामिल हैं।
हमारे सूर्य से छोटा है आकार : ‘वोल्फ 1069बी’ का तारा (सूर्य) एक लाल बौना तारा है, जो आकार में हमारे सूर्य से छोटा है। साथ ही वह सूरज से करीब 65 फीसदी कम रेडिएशन पैदा करता है। इससे यह पता चलता है कि वहां पर रहना आसान हो सकता है। सतह का तापमान माइनस 95.15 डिग्री सेल्सियस से 12.85 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। औसत तापमान माइनस 40.14 डिग्री सेल्सियस है। यानी इस ग्रह पर तापमान के हिसाब से भी रहा जा सकता है।