भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने टिपरा मोथा को लेकर बड़ा बयान दिया है। मणिपुर में भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने कहा कि त्रिपुरा की मुख्य विपक्षी पार्टी टिपरा मोथा लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होगी। उन्होंने बताया कि 60 सदस्यीय विधानसभा में टिपरा मोथा के 13 विधायक हैं। आगामी चुनाव के लिए उन्हें दो सीटें मिलने की संभावना है। गौरतलब है कि उनका यह बयान त्रिपुरा सरकार और केंद्र के बीच एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने के कुछ दिनों बाद आया है।
मणिपुर में भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा-आईपीएफटी गठबंधन सरकार में शामिल होने के लिए तैयार हैं। उन्होंने बताया कि मंत्रियों के शपथ ग्रहण की तारीख अभी तय नहीं हुई है। फिलहाल मानिक साहा समेत सरकार में नौ मंत्री हैं। नियम के मुताबिक राज्य में सीएम समेत 12 मंत्री हो सकते हैं।
इससे पहले टिपरा मोथा के प्रमुख प्रद्योत देबबर्मा ने बताया कि वह ग्रेटर टिपरा लैंड की मांग को नहीं छोड़ेंगे। देबबर्मा ने मंगलवार को राज्य के मूल निवासियों की समस्याओं के स्थाई समाधान पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में अपनी पार्टी, केंद्र और राज्य सरकार के बीच त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किया। उनका बयान इस समझौते पर हस्ताक्षर करने के बाद आया है।
ग्रेटर टिपरा लैंड की मांग नहीं छोड़ेंगे: देबबर्मा
देबबर्मा ने अपने बयान में कहा, "चाहे जितना भी समय लगे, लेकिन हम ग्रेटर टिपरा लैंड की मांग को नहीं छोड़ेंगे। भाजपा ने आयोध्या में राम मंदिर की मांग को कभी नहीं छोड़ी और कई वर्षों के बाद उन्हें इसमें सफलता मिली। टिपरा मोथा भी ग्रेटर टिपरा लैंड की मांग को नहीं छोड़गा।"
समझौते पर हस्ताक्षर के बाद उन्होंने मीडिया से बात की। फेसबुक में उन्होंने पोस्ट कर कहा, "आने वाले दिनों में टपरासा समझौते को कैसे लागू किया जाएगा, इसके रणनीति पर विचार-विमर्श करने के लिए आज नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इसके अलावा अपने आंदोलन को कैसे मजबूत बनाए और अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई।"
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, समझौते के तहत त्रिपुरा के मूल निवासियों के इतिहास, भूमि और राजनीतिक अधिकारों, आर्थिक विकास, पहचान, संस्कृति और भाषा से संबंधित सभी मुद्दों को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने पर सहमति जताई गई।
लोकसभा चुनाव पर कही ये बात
मीडिया के साथ बातचीत के दौरान देबबर्मा ने टिपरा मोथा के लोकसभा चुनाव में लड़ने के सवाल पर कहा कि वह पार्टी के निर्णय की घोषणा एक निश्चित समय पर करेंगे। उन्होंने कहा, "जब सही समय होगा, मैं फेसबुक लाइव के माध्यम से बताउंगा।"
राज्य के कांग्रेस नेताओं से मुलाकात पर देबबर्मा ने कहा, "सुदीप रॉय बर्मन और आशीष कुमार साहा मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। कांग्रेस के बिराजीत सिंहा के साथ भी बहुत अच्छा संबंध है। अमित शाह जी और आदित्य ठाकरे के साथ मेरे व्यक्तिगत संबंध है।" उन्होंने आगे बताया कि हमें यह समझना होगा कि राजनीति से परे भी एक दुनिया है।