फेक न्यूज भेजने वालों की पहचान उजागर करने की मांग :
हाल ही में व्हाट्सएप ने फर्जी संदेश रोकने के लिए कई तरह के कदम उठाए हैं। वहीं सरकार के मुताबिक ये कदम फर्जी संदेश रोकने के लिए काफी नहीं है। सरकार ने व्हाट्सएप से कहा है कि वो फेक न्यूज और मेसेज भेजने वालों की पहचान उजागर करे।
हालांकि व्हाट्सएप ने ऐसे लोगों की पहचान बताने से इंकार कर दिया है। दूसरी तरफ सरकार ने टेलीकॉम विभाग से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होने पर फेसबुक, व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे एप को ब्लॉक करने पर भी राय मांगी है।
फेक न्यूज से निपटने में उठाए गए कदमों की व्हाट्सएप से मांगी जानकारी : मंत्री
सरकार ने व्हाट्सएप से उन सभी कदमों की जानकारी मांगी है जो उसने फेक न्यूज से निपटने के लिए उठाया है। संसद में जानकारी देते हुए इसके साथ ही सरकार ने कहा कि लोगों के मेसेज की जानकारी जुटाने की सरकार की कोई योजना नहीं है।
इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्यमंत्री एसएस अहलूवालिया ने लोकसभा में लिखित जवाब देते हुए कहा कि उनका मंत्रालय ‘सूचना सुरक्षा शिक्षा और जागरूकता (आईएसईए) नाम से पहले ही एक कार्यक्रम चला रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य इंटरनेट का इस्तेमाल करने के दौरान नैतिकताओं की महत्ता को रेखांकित करना और अफवाहों या फेक न्यूज को साझा करने के खिलाफ सलाह देना है।