पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी की एक युवती जमालपुर के कथित मॉडल के प्रेमजाल में ऐसी फंसी कि परिवार से तो रिश्ता टूट ही गया। अब यह प्यार भी जी का जंजाल बन गया। यहां उसका जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया गया और उसे दोस्तों के सामने परोसा जाने लगा।
विरोध पर उसका जब उत्पीड़न शुरू हुआ तो वह शुक्रवार को अपने प्रेमी पति का सिर फोड़कर सीधी महिला थाने पहुंच गई। इस खबर पर बाद में तमाम भाजपाई पहुंच गए और युवती की ओर से प्रेमी पति आदि के खिलाफ तहरीर दिलवाई गई। देर शाम मामले में मुकदमे की तैयारी चल रही थी। बौद्ध धर्म से ताल्लुक रखने वाली युवती ने बताया कि वह मूल रूप से जलपाईगुड़ी के गांव वीरपाड़ा की रहने वाली है। उसके पिता नहीं हैं और घर में मां व तीन भाई-बहन हैं।
वह खुद ग्रेजुएट है। यहां जमालपुर निवासी एक युवक के संपर्क में वह मिस्ड कॉल के जरिये सितंबर 2015 में आई। उस समय युवक ने खुद को मॉडल बताया और बातों में उलझाकर उसे रायबंदर पणजी गोवा बुला लिया। जहां उसे एक फ्लैट में रखा और उसके साथ शादी के बहाने से जबरन शारीरिक रिश्ते बनाए।
कुछ दिन बाद वह वापस गांव लौट गई और वह युवक 27 अक्तूबर को वहां से अपने साथ जमालपुर ले आया। चूंकि वह शारीरिक रिश्तों के चलते गर्भवती हो गई थी। इसलिए उसने दिसंबर माह में घर में ही निकाह किया और मर्जी के खिलाफ उसका धर्म परिवर्तन कराते हुए नाम भी बदल दिया।