भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य व वरिष्ठ नेता ओम माथुर
- फोटो : amar ujala
बृहस्पतिवार को ही पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में करीब 150 सीटों पर उम्मीदवार तय कर लिए गए थे, लेकिन सूची जारी नहीं हो पाई। दरअसल बैठक में साहिबाबाद, नोएडा, मेरठ कैंट सहित करीब एक दर्जन सीट पर एक उम्मीदवार पर सहमति नहीं बन पाई।
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के शुक्र्वार को दिल्ली से बाहर उड़ीसा में होने के कारण इन सीटों पर फंसा पेंच निकल नहीं पाया। शाह दिल्ली पहुंचने के बाद सूबे के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकर इन सीटों का विवाद सुलझाएंगे। इसके बाद शनिवार को सूची जारी कर दी जाएगी। पार्टी शनिवार को ही मणिपुर और उत्तराखंड की बची 6 सीटों के उम्मीदवारों का भी ऐलान करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, पेंच फंसने का एक कारण वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह की सीट का मामला न सुलझना भी है। पार्टी पंकज को टिकट तो देना चाहती है, मगर वह साहिबाबाद से लड़ेंगे या नोएडा से यह तय नहीं हो पा रहा है।
पहले यह माना जा रहा था कि भाजपा, बसपा विधायक अमरपाल शर्मा को साहिबाबाद से उम्मीदवार बनाना चाहती है। पर, उनके कांग्रेस में शामिल होने के कारण पंकज का रास्ता काफी हद तक साफ हो गया है। मगर पार्टी के कुछ वरिष्ठ लोग अब पंकज को नोएडा सीट से लड़ाने की पैरोकारी कर रहे हैं। कुछ इस सीट पर किसी जाट को लड़ाने की पैरोकारी कर रहे हैं।